मंगलवार, जून 09, 2020

वरिष्ठ पत्रकार पंडित लालजी मिश्र का प्रयाण

देश की औद्योगिक राजधानी मुंबई में हिन्दी पत्रकारिता के आधार स्तम्भों में से एक रहे पंडित लालजी मिश्र हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने नवभारत टाइम्स के मुंबई संस्करण में चार दशक तक अपनी सेवाएं दीं तथा शहर संपादक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद वे पुस्तक लेखन में जुट गए। पंडित लालजी मिश्र का निधन सोमवार देर रात्रि को हुआ। उन्होंने मुंबई में सानपाड़ा(नवी मुंबई) स्थित
अपने निवास स्थान पर अंतिम सांस ली। वह 85 वर्ष के थे। पंडित लालजी मिश्र जौनपुर जिले के बरपुर बेलहटा (लेदुका) गाँव के मूल निवासी थे। पिछले दिनों आपरेशन के बाद उन्हें दो बार अस्पताल में एडमिट करना पड़ा था। वह लॉक डाउन के दौरान अधिक अस्वस्थ हो गए थे।
    सेवानिवृत्ति के बाद वह स्वतंत्र पत्रकार, लेखक एवं स्तम्भकार के रूप में कलम की सेवा कर रहे थे।  उन्होंने कई किताबें भी लिखीं। जिसमें एक पत्रकार की अनुभव यात्रा, छत्रपति शिवाजी महाराज, महाराणा प्रताप तथा अपने पैतृक गांव बरपुर बेलहटा के समीप राउर बाबा सिद्ध स्थल के महात्म्य पर लिखी शोधपरक किताबें प्रमुख हैं। वह मुंबई में उत्तर भारतीयों के बीच बेहद ही लोकप्रिय थे।  मुंबई में उत्तर भारतीयों की राजनीति में उनका खास दखल था। वहाँ राजनैतिक पार्टियों में सक्रिय किसी भी दल का उत्तर भारतीय राजनेता बिना उनके आशीर्वाद के अपना भविष्य उज्ज्वल नहीं मानता था। मुंबई के सभी मीडिया हाउस में उनका बेहद सम्मान था। उनके सानिध्य में अपनी पत्रकारिता शुरू करने वाले सैकड़ों पत्रकार आज मुंबई के अनेक मीडिया हाउस में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।  पंडित लालजी मिश्र का निधन मुंबई की हिंदी पत्रकारिता की अपूरणीय क्षति है।
   स्व. मिश्र अपने पीछे दो पुत्र अमरनाथ मिश्र, रविन्द्र नाथ मिश्र और दो पुत्रियों ममता शुक्ला और सुनीता पांडेय सहित आठ नाती पोतों का भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके ज्येष्ठ पुत्र अमर नाथ मिश्र पहले नवभारत टाइम्स (दिल्ली) और फिर बाद में नवभारत (मुंबई) से जुड़े रहे। गत वर्ष सितंबर 2019 में उनकी पत्नी हीरावती देवी का निधन हो गया था। उनके दो छोटे भाई डीएन मिश्र और प्राणेंद्र मिश्र भी मुंबई में ही रहते हैं।
    उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को सुबह मुंबई में ही किया गया। उनके निधन की खबर सुनते ही मुंबई के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। मुंबई के पत्रकारों ने लालजी मिश्र के निधन पर शोक प्रकट करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें