जौनपुर के अपल सिंह को लंदन में ससमारोह "अवार्ड ऑफ ऐक्सीलेंस" प्रदान किया गया है। यूके की संस्था 'गिल्ड आँफ टेलीविजन कैमरामैन' का यह प्रतिष्ठित सम्मान कैमरा क्षेत्र में दिये जाने वाले बड़े अन्तरराष्ट्रीय पुरस्कारों में शुमार है।अन्तरराष्ट्रीय ख्याति के सिनेमैटोग्राफर अपल सिंह को 2016 के लिए अवार्ड ऑफ ऐक्सीलेंस का सम्मान 2015 में बनी डॉक्यूमेन्ट्री 'इंडियाज फ्रंटियर रेलवेज-द लास्ट ट्रेन इन नेपाल ' के लिए प्रदान किया गया है । इस पुरस्कार के लिए दुनिया भर से आधा दर्जन डॉक्यूमेन्ट्री फिल्मों को शार्ट लिस्ट किया गया था। लंदन में 22 मई की शाम 5 बजे (भारतीय समय के अनुसार तड़के ढाई बजे) उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।यह डॉक्यूमेन्ट्री बीबीसी फोर के लिए बनी थी। बीबीसी ने यह डॉक्यूमेन्ट्री भारत के सीमावर्ती कस्बे जयनगर (बिहार) और नेपाल के जनकपुर के बीच चलने वाली ट्रेन पर बनायी है। इसमें अपल सिंह ने मुख्य कैमरामैन की भूमिका निभाई है।
'द लॉस्ट ट्रेन इन नेपाल ' में दिखाई गयी और भारत के सीमावर्ती कस्बे जयनगर (बिहार) एवं नेपाल के जनकपुर के बीच चलने वाली यह ट्रेन दोनों देशों की सीमा पर रहने वाले लोगों की लाइफ लाइन थी। सन् 1932 में अंग्रेजों द्वारा मूल रूप से लकड़ी ढोने के लिए चलायी गयी यह ट्रेन बाद में सीमावर्ती लोगों की जरूरत बन गयी । आजादी के बाद मुख्य रूप से मंडी व्यापारी और आम लोग इसका उपयोग करते थे। जयनगर (बिहार) और जनकपुर (नेपाल) के बीच चलने वाली इस ट्रेन को चलाने के लिए नेपाल सरकार ने पैसा देना पहले ही बन्द कर दिया था लेकिन इस दुर्गम मार्ग पर विकल्प के अभाव में व्यापारियों द्वारा की जा रही फंडिंग पर यह ट्रेन वर्षाे चली।किराये और माल भाड़े से इस ट्रेन का डीजल,रख-रखाव का खर्च तथा रेलवे कर्मियों के वेतन आदि की व्यवस्था होती थी।अंततः सन् 2014 में घाटे के चलते यह ट्रेन बन्द हो गयी। खास बात यह भी है कि यह नेपाल की पहली और फ़िलहाल आखिरी ट्रेन थी।
अपल सिंह हिन्दी भवन संचालन समिति के अध्यक्ष एवं साहित्यकार अजय कुमार के सुपुत्र तथा स्वतंत्रता सेनानी बाबू रामेश्वर प्रसाद सिंह के सुपौत्र हैं।अपल अब तक डाक्यूमेन्ट्री के क्षेत्र में चालीस से अधिक देशों में काम कर चुके हैं। वे बीबीसी,डिस्कवरी,नेशनल ज्योग्राफिक चैनल,एबीसी जैसे संस्थानों के साथ लगातार काम कर रहे हैं ।
इस डॉक्यूमेन्ट्री को देखने के लिए यू-ट्यूब पर निम्न लिंक को क्लिक कर सकते हैं -
https://youtu.be/3w2kgXz_jsI